बिलासपुर : उसलापुर क्षेत्र में रहने वाले एक बुजुर्ग पेंशनभोगी साइबर ठगों के निशाने पर आ गए। शातिर बदमाशों ने उनके तीन अलग-अलग बैंक खातों से चार किश्तों में कुल ₹3 लाख 32 हजार 184 पार कर दिए। हैरानी की बात यह रही कि बुजुर्ग को लंबे समय तक इस ठगी की भनक तक नहीं लगी। मामले का खुलासा तब हुआ जब वे बैंक में अपने खाते का ट्रांजेक्शन विवरण लेने पहुंचे। पीड़ित 69 वर्षीय बृजलाल श्रीवास उसलापुर की अलका एवेन्यू कॉलोनी के निवासी हैं। वह सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी हैं और वर्तमान में पेंशन के सहारे जीवनयापन कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि अज्ञात साइबर ठगों ने अलग-अलग तारीखों में उनके खातों से रकम निकाल ली।
खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, सात दुकानदारों के लाइसेंस सस्पेंड
जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से ₹94,067 निकाल लिए गए। इसी दिन भारतीय स्टेट बैंक खाते से भी इतनी ही राशि पार कर दी गई। इसके अगले दिन 9 अप्रैल की सुबह 8:26 बजे आईसीआईसीआई बैंक खाते से ₹49,050 की निकासी हुई। इतना ही नहीं, 16 मई को ठगों ने फिर से यूनियन बैंक खाते को निशाना बनाया और वहां से ₹1.25 लाख उड़ा दिए।
प्यार में तकरार बनी खूनी वार! युवती ने प्रेमी पर चाकू से किया हमला, सकरी थाना में मचा हंगामा
बताया जा रहा है कि बैंक में जानकारी लेने के दौरान खाते से रकम गायब होने का पता चलते ही बुजुर्ग के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल लिंक और साइबर गतिविधियों की जांच में जुट गई है। बिलासपुर पुलिस का कहना है कि अज्ञात लिंक, फर्जी कॉल और ओटीपी साझा करने जैसी लापरवाही से इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में पुलिस ने लोगों से बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।


