कोरबा : बालको थाना इलाके में 19 फरवरी को एकतरफा प्यार में युवती के पिता पर गोली चलाने की घटना हुई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी साहिल मासी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अब पुलिस ने उसे देसी कट्टा उपलब्ध कराने वाले सहयोगी विवेक राजपूत को भी गिरफ्तार कर लिया है। घटना दोंद्रो संगम नगर में हुई थी, जहां गोली युवती के पिता को नहीं लगी और वे बाल-बाल बच गए। आरोपी साहिल मासी घटना के बाद मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए साहिल को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ था। युवती के परिजनों ने बताया कि साहिल कई महीनों से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और फोन पर परेशान करता था। 19 फरवरी की रात आरोपी युवती के घर पहुंचा और पिता से कहासुनी के बाद गोली चला दी थी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए थे। भीड़ बढ़ती देख आरोपी कट्टा लहराते हुए भाग निकला था।
जांजगीर-चांपा में रहस्यमयी मौतों से दहशत… खाट पर मिले 4 शव, पुलिस जांच तेज
इस मामले में मुख्य आरोपी का सहयोगी विवेक राजपूत लंबे समय से फरार था। विवेक राजपूत कोरबा पोड़ी बहार निवासी है और उसने ही साहिल को देसी कट्टा उपलब्ध कराया था। बालको पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया है। बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी, इमरान खान, आरक्षक रामेश्वर यादव और आरक्षक हेमशरण ने इस गिरफ्तारी में भूमिका निभाई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार विवेक राजपूत का आपराधिक इतिहास भी है। वह बांगो थाना क्षेत्र में डकैती के एक मामले में पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ और भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इन सभी मामलों की विस्तृत जांच कर रही है।


