कांकेर : नौकरी के नाम पर झारखंड में छत्तीसगढ़ के 35 युवतियों को बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है. एक युवती के फोन से गांव के युवक को भेजे गए मदद के संदेश के बाद मामले का खुलासा हुआ. परिजनों ने शासन-प्रशासन से बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग की है. मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और पुलिस संबंधित जिले के अधिकारियों से संपर्क कर जांच व तलाशी शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि 35 लोगों में 15 कांकेर और बाकी युवतियां छत्तीसगढ़ के अन्य जिले की है.
युवतियों को बंधक बनाने की मिली है शिकायत : कलेक्टर
इस मामले में कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर का कहना है कि जानकारी प्राप्त हुई है कि झारखंड के गढ़वा जिले में कांकेर व अन्य जिले की युवतियां नर्सिंग व अन्य कार्य के लिए गए थे, जिसमें शिकायत आई है कि कुछ युवतियों को बधंक बनाया गया है। युवतियों को सकुशल वापस लाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम लगी हुई है.
युवतियों को वापस लाने में लगी है टीम : मंत्री राजवाड़े
इस मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का कहना है कि उनकी कलेक्टर से बात हुई है. बताया गया है कि कुछ अपनी मर्जी से गई है, जिसमें कुछ आना चाहती है। युवतियों को वहां से लाने प्रशासन की टीम लगी हुई है. जल्द संपर्क कर आगे की कार्यवाही की जाएगी.


