कोरबा : शहर के पंचवटी इलाके में ड्यूटी पर जा रही एक युवती पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने यह वारदात गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के तनाव में आकर की थी। यह घटना 27 मार्च की सुबह करीब 10:45 बजे की है। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस निवासी आशा खेवरार पैदल अपनी ड्यूटी के लिए जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मौके से फरार हो गए। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
CG – मामूली विवाद बना जानलेवा, पत्नी के हमले से झुलसा पति अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। करीब एक महीने तक चली जांच में पुलिस ने 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। आखिरकार पुलिस ने पुरानी बस्ती धनवार पारा निवासी शक्ति कुमार साहीस (19) और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था, जिससे वह मानसिक तनाव में था। घटना वाले दिन वह चाकू लेकर अपनी गर्लफ्रेंड को मारने निकला था।
मैनपाट में जंगली हाथियों का तांडव, घर और स्कूल में तोड़फोड़, गांव में दहशत
रास्ते में उसने आशा खेवरार को मोबाइल पर बात करते देखा और उसे अपनी गर्लफ्रेंड जैसा समझते हुए गुस्से में हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


