बिलासपुर : बिलासपुर जिले के साइबर थाना पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के जरिये साइबर वित्तीय अपराध को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में आरोपियों से जुड़े बैंक खातों का 11 राज्यों की 50 साइबर अपराध की शिकायतों से संबंध उजागर हुआ है। इन मामलों में करीब चार करोड़ रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। नेटवर्क के बदमश कमीशन के लालच में लोगों के बैंक खाते खुलवाते थे और उन खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए करते थे।
कोरबा में चलती मालगाड़ी पर पथराव, इंजन पर पत्थर लगने से लोको पायलट घायल
जांच में सामने आया कि गिरोह पूरी तरह से कमीशन के लालच पर काम करता था। आरोपी आम लोगों को बैंक में खाते खुलवाने के लिए तैयार करते थे। उन खातों से जुड़े मोबाइल नंबर, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी बैंकिंग साधन दूसरे साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा देते थे। गिरोह खातों में ऑनलाइन लेन-देन के लिए जरूरी एप्लीकेशन डाउनलोड करते थे। इन खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाकर उसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया जाता था। खाताधारकों को लेन-देन के आधार पर तय कमीशन दिया जाता था।
पुलिस ने मामले में तखतपुर निवासी अजय कुमार सोनी, जरहागांव निवासी अभिलाष कुमार डेनियल उर्फ चिंटू, मंगला निवासी स्रोत कश्यप, सक्ती निवासी नरेंद्र कुर्रे, कोरबा निवासी आशीष तिवारी और रायपुर निवासी देवेश कुमार दास उर्फ रोबिन को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी अजय कुमार सोनी के खाते के खिलाफ चंडीगढ़, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, कर्नाटक, ओडिशा, राजस्थान और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों से 21 शिकायतें दर्ज मिली हैं। वहीं, स्रोत कश्यप के खाते के खिलाफ 24 शिकायतें सामने आई हैं। नरेंद्र कुर्रे के खाते से जुड़ी दो और आशीष तिवारी के खाते से जुड़ी तीन शिकायतें मिली हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।


