मुंबई। बॉलीवुड के महान अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बीते सोमवार को उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था, लेकिन मंगलवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती होने के बाद शुरुआती 72 घंटे बेहद गंभीर थे। देओल परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि धर्मेंद्र की बेटियों को विदेश से तुरंत मुंबई बुलाया गया था। वहीं, बेटे सनी देओल और बॉबी देओल लगातार अस्पताल में मौजूद रहे। सनी देओल बीती रात अस्पताल के बाहर बेहद भावुक नजर आए, जबकि बॉबी देओल ने अपनी फिल्म अल्फा की शूटिंग बीच में ही छोड़कर मुंबई वापसी की।
धर्मेंद्र के निधन की खबर सुनते ही पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार देर रात शाहरुख खान, सलमान खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन समेत कई बॉलीवुड सितारे ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।
धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में शोले, चुपके चुपके, सीता और गीता, धरमवीर जैसी कई यादगार फिल्में दीं। उनके निधन से हिंदी सिनेमा ने एक स्वर्ण युग का सितारा खो दिया है।


