कीव। रूस के रातभर सैकड़ों ड्रोन हमलों के जवाब में यूक्रेन ने शनिवार को बड़ा पलटवार किया। यूक्रेनी सेना ने दावा किया है कि उसने रूस के वोरोनिश क्षेत्र में स्थित बोरिसोग्लबस्क एयरबेस पर घातक हमला किया है। यह एयरबेस रूस के एसयू-34, एसयू-35एस और एसयू-30एसएम लड़ाकू विमानों का महत्वपूर्ण ठिकाना माना जाता है।
एमपी में 27% ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, मुख्य सचिव से मांगा एफिडेविट
यूक्रेन के सैन्य जनरल स्टाफ ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर जानकारी दी कि इस हमले में एयरबेस पर स्थित डिपो को निशाना बनाया गया, जहां बड़ी मात्रा में ग्लाइड बम, एक प्रशिक्षण विमान और संभवतः अन्य लड़ाकू विमान रखे हुए थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार रात रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर सैकड़ों ड्रोन और मिसाइल दागीं। इस हमले में बड़ी तबाही मचने के बाद यूक्रेन ने तुरंत जवाबी कार्रवाई का फैसला लिया। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि मॉस्को पर यह हमला उसी का जवाब है।
फिलहाल रूसी प्रशासन ने बोरिसोग्लबस्क एयरबेस पर हमले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। वहीं, युद्ध विश्लेषकों के अनुसार, अगर यूक्रेन का यह दावा सही साबित होता है, तो रूस के लिए यह बड़ा सामरिक नुकसान माना जाएगा।


