रायगढ़ : 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची साड़ी के झूले को झूलने के लिए निकाल रही थी। इसी दौरान उसकी गर्दन झूले में फंस गई और मौके पर उसकी जान चली गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा कोतरा रोड थाना क्षेत्र में हुआ।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जामपाली निवासी रामलाल सारथी की पत्नी और उनकी 4 साल की बेटी रिद्धिमा सारथी घर पर थे। रिद्धिमा के लिए घर में साड़ी का झूला बंधा हुआ था, जिसमें वह खेलती और झूलती थी। गुरुवार को रिद्धिमा घर में अकेली थी, क्योंकि उसकी मां बाहर दुकान से कुछ सामान लेने गई थी।
इसी दौरान रिद्धिमा झूला निकालने की कोशिश करने लगी और उसका गला झूले में फंस गया। वह खुद बाहर नहीं निकल सकी और उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद जब रिद्धिमा की मां घर लौटी, तो उसने उसे झूले में फंसा देखा। तुरंत परिजनों को सूचना दी और किसी तरह उसे अस्पताल ले गई, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी तुरंत कोतरा रोड पुलिस को दी गई।


