कोरबा : कोरबा में मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी उपमार्ग पर स्थित साडा अड्डा दुकान में गुरुवार सुबह चोरी का पता चला। दुकान का शटर आधा खुला था और ताला टूटा हुआ था। सफाईकर्मी ने तत्काल दुकान संचालक को इसकी सूचना दी। मानिकपुर चौकी पुलिस ने मौके पर श्वान दल बुलाया। चोरों की करतूत निगरानी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस ने निगरानी कैमरे के फुटेज और सूचना के आधार पर एक युवक और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी राजू दास मुड़ापार पीएम आवास कॉलोनी का निवासी है।
राजू इस गिरोह का सरगना है, जो नाबालिगों से चोरी करवाता था। गुरुवार को साडा अड्डा में चोरी करने से पहले पीएम आवास कॉलोनी में गाड़ी की चोरी की थी। एक ही रात में तीनों ने तीन दुकानों का ताला तोड़ा था। साडा अड्डा के बाद टीपी नगर क्षेत्र में एक बैटरी की दुकान और एक अन्य दुकान में भी चोरी की। इन दुकानों से नकदी रकम चुराई गई थी।
बड़ी सफलता: 15 नक्सलियों ने हथियार डालकर किया आत्मसमर्पण, इनमें 25 लाख का इनामी विकास भी शामिल
चोरी के बाद मौज-मस्ती
चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद तीनों ने ब्रांडेड दुकानों से कपड़े खरीदे। उन्होंने तीन से चार हजार रुपये के शर्ट और दो हजार रुपये के जीन्स पतलून खरीदे। ब्रांडेड जूते भी खरीदे गए। इसके बाद सभी गोवा घूमने चले गए। वहां मौज-मस्ती करने के बाद पैसे खत्म हुए और वे कोरबा लौट आए।
कोरबा में कोयला लदा ट्रेलर पलटा, कटघोरा-बिलासपुर बायपास पर यातायात ठप, घंटों जाम
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस की नजर इन पर थी और मुखबिर की सूचना पर उन्हें पकड़ा गया। तीनों ने चोरी के पैसों से ही होली की तैयारी की थी। उन्होंने होली कार्यक्रम के दो-दो हजार रुपये के पास भी ले रखे थे। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि तीनों को सीएसईबी चौकी पुलिस के सुपुर्द किया गया है। सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने राजू दास की गिरफ्तारी और नाबालिगों के खिलाफ कार्रवाई की पुष्टि की।


