नई दिल्ली। भारत के लिए गर्व का क्षण है। भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और एक्सिओम मिशन-4 के तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री 18 दिनों का ऐतिहासिक अंतरिक्ष प्रवास पूरा कर धरती पर सफलतापूर्वक लौट आए हैं। यह मिशन अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए किया गया था।
मंगलवार को सभी अंतरिक्ष यात्री स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान में सवार होकर कैलिफोर्निया के तट के पास समुद्र में सुरक्षित उतर गए। इसे ‘स्प्लैशडाउन’ कहा जाता है। उनकी वापसी के साथ ही मिशन का यह महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
शुभांशु शुक्ला की वापसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा –
“मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का उनके ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौटने पर स्वागत करता हूं। उन्होंने अपने साहस और समर्पण से देश के करोड़ों युवाओं को प्रेरित किया है। यह मिशन भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए भी मील का पत्थर है।”
18 दिन तक किया महत्वपूर्ण शोध
मिशन के दौरान चारों अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष स्टेशन पर कई वैज्ञानिक और तकनीकी प्रयोग किए। इनमें सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण (माइक्रोग्रैविटी) में जैविक परीक्षण और स्वास्थ्य संबंधी शोध प्रमुख रहे।