लखनऊ/नई दिल्ली, 10 जुलाई 2025। भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन और एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में रहते हुए एक अनोखा प्रयोग किया है। उन्होंने पेट्री डिश में मेथी और मूंग के बीज उगाए और अंतरिक्ष में किसानी का यह प्रयोग सफलतापूर्वक पूरा किया।
गुजरात: वडोदरा–आणंद को जोड़ने वाला पुल टूटा, महिसागर नदी से 15 शव बरामद, 4 अब भी लापता
शुभांशु ने उगे हुए पौधों के साथ सेल्फी लेकर उसे एक्सिओम स्पेस के मिशन कंट्रोल सेंटर को भेजा। इसके बाद उन्होंने इन बीजों को स्टोरेज फ्रीजर में सुरक्षित रखा ताकि पृथ्वी पर लौटने के बाद उनके जेनेटिक्स, DNA और पोषण प्रोफाइल का अध्ययन किया जा सके।
मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों का कहना है कि यह प्रयोग माइक्रोग्रैविटी के पौधों पर असर को समझने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। भविष्य में इन बीजों की कई पीढ़ियों तक खेती की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि अंतरिक्ष की स्थितियां किस तरह पौधों की संरचना और पोषक तत्वों में बदलाव लाती हैं।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 26 जून को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचे थे। वे 41 साल बाद अंतरिक्ष में जाने वाले भारतीय बने हैं। वह एक्सियम मिशन-4 के तहत 25 जून को फ्लोरिडा से रवाना हुए थे। पहले आज यानी 10 जुलाई को उनकी धरती पर वापसी प्रस्तावित थी, लेकिन खराब मौसम के कारण लैंडिंग की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। शुभांशु की टीम फ्लोरिडा तट पर लैंड करेगी।


