पटना। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को करारा जवाब दिया। पटना में आयोजित एक मीडिया कार्यक्रम में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, “अगर राहुल गांधी के पास सबूतों का एटम बम है, तो उन्हें तुरंत फोड़ देना चाहिए, लेकिन ध्यान रखें कि खुद खतरे से दूर रहें।”
भारी बारिश से अमरनाथ यात्रा बीच में रोकी गई, बालटाल और पहलगाम मार्गों को हुआ नुकसान
राहुल गांधी ने हाल ही में दावा किया था कि बिहार में वोट चोरी हो रही है और चुनाव आयोग इसमें शामिल है। उन्होंने इसे लेकर ऐसा ‘एटम बम’ होने की बात कही थी, जिससे आयोग को छिपने की जगह नहीं मिलेगी। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश को संसद में उनके ‘भूकंप’ वाले बयान की भी याद है, जो अंततः बेअसर साबित हुआ था।
रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि भारत का निर्वाचन आयोग निष्पक्षता और ईमानदारी के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा, “विपक्ष के नेताओं को ऐसी संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ गैर-जिम्मेदाराना और निम्नस्तरीय बयानबाजी से बचना चाहिए।”
चौराहे से की चुनावों की तुलना
राजनाथ सिंह ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कहा, “यह चुनाव एक चौराहा है। एक रास्ता एनडीए के नेतृत्व में आगे की प्रगति की ओर जाता है, जबकि दूसरा इंडिया गठबंधन बिहार को अराजकता और जातिगत संघर्षों के पुराने दौर में वापस ले जाएगा।”


