लखनऊ। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार दोपहर लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट में सरेंडर किया। भारतीय सेना पर टिप्पणी के मामले में कोर्ट ने उन्हें पेश होने का आदेश दिया था। सरेंडर के महज 5 मिनट बाद कोर्ट ने 20-20 हजार रुपए के दो जमानती बॉन्ड पर उन्हें जमानत दे दी।
राहुल गांधी दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सीधे कोर्ट पहुंचे। एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट आलोक वर्मा की अदालत में करीब 30 मिनट तक कार्रवाई चली। राहुल के वकील प्रांशु अग्रवाल ने उनकी ओर से जमानत याचिका दाखिल की, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया।
गौरतलब है कि इस मामले में पिछली 5 सुनवाइयों में राहुल पेश नहीं हुए थे। इसके बाद कोर्ट ने उनके खिलाफ समन जारी किया था। पेशी से छूट की अर्जी भी दाखिल की गई थी, मगर कोर्ट ने उसे नामंजूर करते हुए राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया था।


