दिल्ली, 29 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारत का मैरीटाइम सेक्टर देश की आर्थिक वृद्धि का नया इंजन बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से आज भारत के बंदरगाह दुनिया के सबसे एफिशिएंट पोर्ट्स में शुमार हैं।
पीएम मोदी ने बताया कि भारत में पिछले दस सालों में पोर्ट कैपेसिटी दोगुनी हुई है और देश ब्लू इकॉनमी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा — “भारत की समुद्री ताकत हमारे ट्रेड, रोजगार और विकास को नई दिशा दे रही है। हमारा विज़न है ‘पोर्ट टू प्रॉस्पेरिटी’।”
कार्यक्रम में केंद्रीय पोर्ट, शिपिंग और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सहित कई देशों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मोदी ने इस दौरान भारतीय शिपिंग सेक्टर में प्राइवेट इन्वेस्टमेंट को प्रोत्साहन देने की घोषणा की और कहा कि आने वाले वर्षों में भारत वैश्विक समुद्री व्यापार का केंद्र बनेगा।


