नई दिल्ली। मंगलवार को दिल्ली में एनडीए संसदीय दल की बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। बैठक में पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के राज्यपाल और उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को बधाई दी और उन्हें सम्मानित किया।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी से फोन पर की वार्ता, यूक्रेन जंग के शांतिपूर्ण समाधान पर चर्चा
बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राधाकृष्णन सरल और सहज व्यक्ति हैं और वे राजनीति में खेल नहीं करेंगे। बैठक के दौरान राधाकृष्णन को एनडीए के सभी सहयोगी दलों के सांसदों से भी मिलवाया गया।
संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजिजू ने बैठक के बाद बताया कि पीएम ने विपक्ष समेत सभी दलों से अपील की है कि राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद पर सर्वसम्मति से चुना जाए।
17 अगस्त को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद एनडीए की तरफ से राधाकृष्णन के नाम का ऐलान किया गया था। अब राधाकृष्णन 20 अगस्त को सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान लगभग 160 सदस्य, जिनमें 20 प्रस्तावक और 20 समर्थक शामिल होंगे, उपस्थित रहने की उम्मीद है।
उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को होने हैं। यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के 21 जुलाई को इस्तीफा देने के बाद आयोजित किया जा रहा है। चुनाव आयोग ने 1 अगस्त को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की घोषणा की थी।


