नई दिल्ली, 28 जुलाई 2025 – लोकसभा में सोमवार दोपहर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जोरदार बहस छिड़ गई। चर्चा की शुरुआत करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा, “हमने आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारा। हमारी सेना ने माताओं-बहनों के सिंदूर का बदला लिया है।”
ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में गरमाई बहस, राजनाथ बोले- आतंकियों से माताओं के सिंदूर का बदला लिया
राजनाथ ने कहा कि पाकिस्तान पर किसी भी प्रकार का दबाव नहीं था और सीजफायर का फैसला पूरी तरह भारत की रणनीतिक सोच का हिस्सा था।
इसके बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सीजफायर को लेकर दिए गए बयानों पर जवाब देते हुए कहा, “22 अप्रैल से 17 जून तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। अमेरिका से किसी भी स्तर की बातचीत में सीजफायर या व्यापार जैसे मुद्दे नहीं उठे।”
जयशंकर के बयान पर विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। जिस पर गृह मंत्री अमित शाह बीच में उठे और कहा, “जब भारत का विदेश मंत्री सदन में स्पष्ट जवाब दे रहा है, तब विपक्ष को उन पर भरोसा नहीं है। आपको विदेश मंत्री पर भरोसा नहीं, तो आप विपक्ष में ही बैठेंगे, और अगले 20 साल तक वहीं बैठते रहेंगे।”
विपक्ष की ओर से कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने सरकार से तीखे सवाल किए। उन्होंने कहा, “अमेरिका के राष्ट्रपति 26 बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने सीजफायर करवाया। अगर पाकिस्तान घुटनों पर था, तो भारत पीछे क्यों हटा? प्रधानमंत्री मोदी को देश को बताना चाहिए कि आखिर किसके दबाव में सीजफायर किया गया।”a


