नई दिल्ली। NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने मंगलवार को संसद भवन में अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके पहले प्रस्तावक बने। नामांकन के दौरान गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और सांसद मौजूद रहे।
नामांकन से पहले राधाकृष्णन ने संसद परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उल्लेखनीय है कि 17 अगस्त को हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी थी। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर औपचारिक रूप से उनके नाम का ऐलान किया था।
राधाकृष्णन का मुकाबला विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त जज बी. सुदर्शन रेड्डी से होगा। खास बात यह है कि दोनों ही उम्मीदवार दक्षिण भारत से ताल्लुक रखते हैं। बी. सुदर्शन रेड्डी 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे।
चुनाव आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग होगी और उसी दिन मतगणना भी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 21 अगस्त तय की गई है, जबकि उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपना नाम वापस ले सकते हैं।
दरअसल, यह उपराष्ट्रपति चुनाव मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के कारण कराया जा रहा है। धनखड़ ने 21 जुलाई की रात इस्तीफा दे दिया था, जबकि उनका कार्यकाल अगस्त 2027 तक शेष था।


