कोरबा : जिले के भाटापारा रेकी चौक में 16 नवंबर की शाम करण अहीर के घर में रखे पैरावट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत हरदी बाजार पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने तत्काल एसईसीएल दीपका और गेवरा के सरकारी दमकल विभाग को खबर दी, लेकिन उम्मीद के बावजूद दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच सका।
घटनास्थल से दमकल केंद्र की दूरी करीब 5 किलोमीटर होने के बावजूद एक घंटे से अधिक समय तक सरकारी दमकल मौके पर नहीं पहुंचा। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
केंद्र के निर्देश पर राज्य सरकार का बड़ा फैसला, पुराने वाहनों को कबाड़ में भेजने की तैयारी तेज
आखिरकार, बांधाखार जीटीपी मारुति कंपनी का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और तेजी से कार्यवाही करते हुए धधक रहे पैरावट पर काबू पाया। आग इतनी भयंकर थी कि पैरावट में रखा लगभग साढ़े चार एकड़ का पैरा जलकर पूरी तरह खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, करीब 30 हजार रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।


