नवी मुंबई। मराठी भाषा में बात करने की बात कहना एक छात्र को भारी पड़ गया। वाशी इलाके में चार छात्रों ने मिलकर उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि हमला कॉलेज के वॉट्सऐप ग्रुप में भाषा को लेकर हुई बहस के बाद हुआ।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 21 जुलाई का है। एक कॉलेज के वॉट्सऐप ग्रुप में कुछ छात्र हिंदी में मैसेज भेज रहे थे। तभी एक छात्र ने ग्रुप में मराठी में लिखा – “मराठी में बात करो नहीं तो राज ठाकरे आ जाएंगे।” इसी बात को लेकर ग्रुप में बहस शुरू हो गई।
अगले दिन यानी 22 जुलाई को सुबह करीब 10:30 बजे वाशी में कॉलेज के बाहर छात्र फैजान नाइक और उसके तीन साथियों ने मिलकर उस छात्र पर हमला कर दिया, जिसने मराठी में बात करने की बात कही थी। फैजान ने हॉकी स्टिक से उसके सिर पर वार किया, जिससे छात्र बुरी तरह घायल हो गया।
पीड़ित छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
MNS ने दी चेतावनी
MNS प्रवक्ता गजानन काले ने कहा कि, “हम पीड़ित छात्र और उसके परिवार से मिले हैं। दोषियों को सजा दिलाकर ही रहेंगे। महाराष्ट्र में इस तरह का भाषाई भेदभाव और हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह एक चेतावनी है कि राज्य में भाषाई विभाजन बढ़ रहा है, जो बेहद खतरनाक संकेत है।”


