कोरबा : कोरबा पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना और चौकियों में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में जप्त की गई बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा का विधिवत नष्टीकरण किया है। आज शुक्रवार को पुलिस लाइन, कोरबा में आयोजित इस कार्रवाई में कुल 2192 प्रकरणों में जप्त लगभग 21,372 लीटर शराब को नष्ट किया गया। जप्त की गई शराब में 16,414 लीटर महुआ शराब, 3,415 लीटर देशी शराब, 1,543 लीटर अंग्रेजी शराब तथा 236 बियर शामिल हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 38 लाख 24 हजार रुपए बताई गई है।
सबसे अधिक 554 प्रकरण थाना पाली, 261 प्रकरण थाना कटघोरा तथा 225 प्रकरण हरदीबाजार से संबंधित थे, जबकि शेष प्रकरण जिले के अन्य थानों से प्राप्त हुए। यह संपूर्ण प्रक्रिया कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कोरबा द्वारा गठित समिति की उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता के साथ की गई। नष्टीकरण के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया और प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई।
कोरबा में व्यापारी के घर चोरी, चोर ले उड़े टमाटर का कैरेट, पेट्रोल और नकदी
पुलिस विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इससे पूर्व जून और अगस्त 2025 में भी जिले में जप्त की गई लगभग 11,715 लीटर महुआ, देशी व विदेशी शराब, 852 लावारिस वाहनों की नीलामी एवं 652 विसरा प्रकरणों का नष्टीकरण किया जा चुका है। इस कार्रवाई से थानों में वर्षों से रखी अनुपयोगी एवं अवैध मदिरा का व्यवस्थित निपटान संभव हुआ है। इससे न केवल कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित हुआ, बल्कि थाना परिसरों में स्वच्छता, स्थान की उपलब्धता और सुव्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिली है। कोरबा पुलिस ने कहा है कि थानों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और उत्तरदायी बनाए रखने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।


