शिमला। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में 24 जून को बादल फटने के बाद पंडोह डैम तक सैकड़ों टन लकड़ियां बहकर पहुंचने के मामले की अब CID जांच होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को आपदा प्रबंधन को लेकर चल रही बैठक में इसकी जांच के निर्देश दिए।
पुणे रेलवे स्टेशन पर महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश, आरोपी युवक गिरफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि इतनी बड़ी मात्रा में लकड़ियां आखिर डैम तक कैसे पहुंचीं। उन्होंने कहा कि वन विभाग ने अपने स्तर पर प्रारंभिक जांच की है, लेकिन अब CID के जरिए इसकी विस्तृत और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी, जिससे सच्चाई सबके सामने आ सके।
24 जून को फटे थे चार बादल
बता दें कि कुल्लू में 24 जून को चार जगह बादल फटे थे। इसके बाद अचानक आई बाढ़ में हजारों टन लकड़ियां नदी में बहकर पंडोह डैम तक पहुंच गईं। सोशल मीडिया पर इसके वीडियो वायरल हुए, जिसके बाद जनता ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
विधायक ने भी उठाए सवाल
ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप राठौर ने भी इस मामले में नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जंगलों का विनाश और अवैध कटाई अब बड़े हादसों की वजह बन रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी।

