कोरबा : होली त्योहार और वैवाहिक सीजन को देखते हुए कटघोरा पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। ‘सजग कोरबा’ अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कटघोरा में पुलिस ने डीजे संचालकों, बैंक कर्मियों और पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर जरूरी चर्चा की। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने थाना परिसर में नगर एवं आसपास के व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, बैंक अधिकारियों, डीजे संचालकों और ज्वेलरी दुकानदारों, ग्राम सरपंच, वार्ड पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य लोगों को सतर्क करना और अपराधों की रोकथाम के लिए सहयोग सुनिश्चित करना था।
कोरबा में घरेलू विवाद: पति ने पत्नी, मां और बहन पर किया चाकू से हमला, पत्नी की मौत
थाना प्रभारी ने बैंक से नकदी लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा की बैंक से बड़ी राशि निकालने अकेले न जाएं, बल्कि 3-4 विश्वसनीय लोगों को साथ रखें। पैसे निकालने के बाद सुनसान स्थानों पर न रुकें और सीधे घर या सुरक्षित स्थान पर पहुंचें। वाहन में लापरवाही से नकदी न रखें। किसी अज्ञात व्यक्ति की बातों में आने से बचें। बैंक या आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो तुरंत डायल 112 या थाना को सूचना दें। शराब पीकर वाहन न चलाएं साथ ही गाँव मे अवैध शराब बनाया या बेचा जाता है तो पुलिस को तत्काल सूचित करें। डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे तेज आवाज में डीजे न बजाएं और कार्यक्रम के लिए प्रशासनिक अनुमति लेना अनिवार्य है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि नियमों के उल्लंघन या शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी दुकानदारों, पेट्रोल पंप संचालकों और ढाबा संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। इससे अपराधियों की पहचान और निगरानी में सहायता मिलेगी। बैठक के अंत में थाना प्रभारी ने सभी को चेतावनी दी कि यदि निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।


