नई दिल्ली, 27 जुलाई 2025 — भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्रणाली में गड़बड़ियों को रोकने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए 2.5 करोड़ से अधिक IRCTC यूजर आईडी को डीएक्टिवेट (निष्क्रिय) कर दिया है। रेलवे की ओर से यह कार्रवाई एडवांस्ड डेटा एनालिटिक्स की मदद से की गई, जिसमें पाया गया कि इन यूजर्स की बुकिंग गतिविधियां सामान्य पैटर्न से मेल नहीं खा रही थीं।
यह जानकारी राज्यसभा सांसद एडी सिंह के सवाल के जवाब में सरकार ने साझा की। सांसद ने टिकटों की तेजी से बुकिंग खत्म हो जाने, आईडी ब्लॉक होने और रेलवे की पारदर्शिता पर सवाल उठाए थे। इसके जवाब में रेलवे मंत्रालय ने बताया कि इन यूजर्स की गतिविधियों में समानता पाई गई, जिससे यह संदेह हुआ कि ये बॉट या अवैध एजेंट्स के जरिए बुकिंग कर रहे थे।
सरकार ने स्पष्ट किया कि यह कदम सामान्य यात्रियों के हित में उठाया गया है ताकि बुकिंग सिस्टम पारदर्शी और निष्पक्ष बना रहे।
रेलवे द्वारा अवैध सॉफ्टवेयर और दलालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि असली यात्रियों को टिकट बुक करने में कोई परेशानी न हो।


