पटना। मंगलवार रात पटना एयरपोर्ट पर दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E2482 की लैंडिंग के दौरान यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विमान रनवे पर उतरने के बाद अचानक दोबारा उड़ान भर गया। इस दौरान करीब 173 यात्रियों की सांसें कुछ मिनटों के लिए थम सी गईं।
गोल्डन टेंपल को लगातार दूसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
सूत्रों के मुताबिक, रात लगभग 9 बजे फ्लाइट पटना एयरपोर्ट पर पहुंची। विमान के पहिए रनवे को छू चुके थे, लेकिन टचिंग पॉइंट को थोड़ा ओवरशूट कर जाने के कारण पायलट को अंदेशा हुआ कि विमान को छोटे रनवे पर सुरक्षित नहीं रोका जा सकेगा। एहतियातन पायलट ने तुरंत विमान को ऊपर उठा लिया। इसके बाद पटना के आसमान में चार चक्कर लगाए गए। लगभग पांच मिनट बाद फ्लाइट ने दोबारा लैंडिंग की, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
घटना के दौरान यात्री घबरा गए और उन्हें अंदेशा होने लगा कि कोई आपात स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालांकि, क्रू मेंबर ने यात्रियों को बताया कि यह सिर्फ तकनीकी कारणों से एहतियाती टेकऑफ किया गया है और जल्द ही लैंडिंग होगी। यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई।
फिलहाल पटना एयरपोर्ट का रनवे 2,072.64 मीटर लंबा है। रनवे की सीमित लंबाई की वजह से ऐसे मौके पर पायलट के लिए सुरक्षित लैंडिंग चुनौतीपूर्ण हो जाती है। इसे करीब 585 मीटर और बढ़ाकर 3,657 मीटर करने की प्रक्रिया जारी है। केंद्र सरकार ने हाल ही में अहमदाबाद हादसे के बाद सभी एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। इसमें रनवे की लंबाई बढ़ाने समेत अन्य जरूरी उपायों के निर्देश दिए गए हैं।


