रायपुर : छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, इस बदलते मौसम के साथ खतरे भी सामने आए हैं। गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक युवक झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं धमतरी जिले के मगरलोड, नगरी और कुरुद क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। सरगुजा संभाग के उदयपुर सहित कई इलाकों में भी झमाझम बारिश हुई। राजधानी रायपुर में भी सोमवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। तेज आंधी के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटने और हल्के नुकसान की भी खबरें सामने आई हैं।
संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) का होली मिलन समारोह संपन्न
इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।बिलासपुर, धमतरी, गरियाबंद, पेंड्रा, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, मनेंद्रगढ़ और मुंगेली सहित कई जिलों में अगले तीन घंटों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।


