कोरबा : वनमंडल कोरबा के करतला और बालकोनगर रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है, जहां बालको रेंज में सक्रिय 12 हाथियों का दल बीती रात सरईपाली गांव में 10 ग्रामीणों के खेतों को उजाडऩे के बाद सोनगुड़ा पहुंच गए हैं वहीं करतला रेंज के बोड़ाझाप में मौजूद हाथी आगे बढक़र सेंद्रीपाली के जंगल में डेरा डाल दिया है।
कोरबा: सीएसईबी के दर्री प्लांट में बड़ा हादसा, स्टॉप डैम तटबंध टूटने से प्लांट में घुसा पानी
हाथियों के दल ने यहां पहुंचने से पहले रास्ते में अनेक किसानों की धान फसल को मटियामेट कर दिया है। जिसका आंकलन वन विभाग द्वारा किया जा रहा है। एक अनुमान के मुताबिक हाथियों के दलों ने दोनों ही रेंज में हजारों रुपए की फसल को नुकसान पहुंचाया है। बालको रेंजर जयंत सरकार ने बताया कि उनके रेंज में मौजूद हाथियों के अजगरबहार क्षेत्र की ओर बढऩे की संभावना है।
अत: वहां के स्टाफ को सतर्क कर दिया गया है और उनसे हाथियों की निगरानी के साथ क्षेत्र में मुनादी कराने की तैयारी रखने को कहा गया है। इस बीच कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज में 53 हाथी अभी भी पचरा जंगल में डेरा डाले हुए हैं। हाथियों का यह दल रात में जंगल से निकलकर गांव के निकट पहुंचता है तथा वहां खेतों में उत्पात मचाने तथा फसल को तहस-नहस करने के बाद वापस जंगल लौट जाता है। हाथियों के उत्पात से क्षेत्र के ग्रामीण हलाकान हैं। वहीं हाथियों के डेरा डालने से उनमें दहशत भी व्याप्त है।


