कोरबा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद कोरबा में नशेड़ी ट्रेलर चालकों का आतंक कम नहीं हो रहा। गुरुवार देर रात शहर के अंदर एक के बाद एक 3 घटनाएं सामने आईं, जिसमें नशे में धुत ट्रेलर चालकों ने लोगों की जान आफत में डाल दी। हादसों के बाद आक्रोशित लोगों ने चालकों की जमकर पिटाई कर पुलिस के हवाले किया। गुरुवार देर रात पहली घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत शारदा विहार पेट्रोल पंप के पास हुई। यहां शराब के नशे में धुत एक ट्रेलर चालक ने वाहन को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया और खुद गाड़ी की चाबी लगी छोड़कर इधर-उधर घूमने लगा। अचानक बीच सड़क पर ट्रेलर खड़ा होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटों जाम लगने से आक्रोशित लोगों ने पहले नशेड़ी चालक की पिटाई की और फिर इसकी सूचना मानिकपुर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर हटवाया।
कोरबा शहर को 36 करोड़ की सौगात, 15वें वित्त आयोग से मिली बड़ी मंजूरी
दूसरी घटना भी गुरुवार देर रात मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रामनगर बाईपास मार्ग की है। यहां शराब के नशे में चालक और हेल्पर दोनों धुत थे। तेज रफ्तार कोयले से भरी ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसी। ट्रेलर सीधे आंगन में लगे पेड़ से टकराकर रुकी। गनीमत रही कि हादसे के समय घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रेलर चालक और हेल्पर की जमकर खबर ली और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
तीसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर बायपास मार्ग पर हुई। यहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आई हैं। नाले की गहराई ज्यादा होने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानिकपुर बाईपास और रिंग रोड पर तेज रफ्तार और नशे में ट्रेलर चलाने की वजह से पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद इसके पुलिस की कार्रवाई का कोई असर नहीं दिख रहा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, ताकि आम लोगों की जान बचाई जा सके।