वॉशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को लेकर विवादास्पद बयान दिया है। ट्रम्प ने दावा किया कि उन्हें लगता है कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान सच में पांच जेट विमान गिराए गए थे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये विमान भारत के थे या पाकिस्तान के।
भारत ने NATO प्रमुख को दिया करारा जवाब – कहा, “हमें मत सिखाइए किससे खरीदें तेल-गैस”
ट्रम्प ने यह बयान व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन सांसदों के साथ डिनर के दौरान दिया। उल्लेखनीय है कि ट्रम्प इससे पहले भी कई बार भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम या सीजफायर कराने का दावा कर चुके हैं। अब तक वह 24 बार इस प्रकार की मध्यस्थता की बात कह चुके हैं। पहली बार उन्होंने 10 मई को सोशल मीडिया के जरिए यह दावा किया था।
इससे पहले पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने संघर्ष के दौरान 5 भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। वहीं भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों को मार गिराने का दावा किया था। हालांकि, पाकिस्तान ने अपने किसी भी विमान के गिरने की बात से इनकार किया, लेकिन यह स्वीकार किया था कि भारत ने उसके हवाई ठिकानों को निशाना बनाया था।
डोनाल्ड ट्रम्प के ताजा बयान से एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संबंधों पर वैश्विक स्तर पर चर्चा छिड़ गई है। हालांकि अब तक भारत सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।


