नई दिल्ली, 10 जुलाई 2025। दिल्ली-NCR में बीते 12 घंटे से लगातार मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बुधवार शाम से शुरू हुई तेज बारिश के बाद गुरुग्राम और दिल्ली की सड़कों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया।
बिहार वोटर लिस्ट सत्यापन पर सुप्रीम कोर्ट में आज अहम सुनवाई, सियासी संग्राम तेज
गुरुग्राम के सेक्टर-6 में शीतला माता मंदिर के पास सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई। यहां खड़ी गाड़ियां आधी से ज्यादा पानी में डूबी नजर आईं। लोग भी घुटनों तक पानी में चलते दिखे। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के नरसिंहपुर इलाके की सर्विस लेन पर करीब दो फुट पानी जमा हो गया।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, यातायात प्रभावित
बारिश का कहर दिल्ली-NCR तक सीमित नहीं है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ हाईवे पर बड़ा लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ से मलबा और भारी चट्टानें गिरने के कारण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। प्रशासन ने हाईवे पर आवाजाही रोक दी है।
बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने गुरुवार को भी दिल्ली और गुरुग्राम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें।
लगातार हो रही बारिश और जलभराव से दिल्ली-NCR में यातायात पूरी तरह प्रभावित है। कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं, राहत एवं बचाव दल जलभराव वाले इलाकों में पानी निकासी के काम में जुटे हुए हैं।


