महाराष्ट्र चुनाव की वोटर लिस्ट को लेकर सवाल उठाने वाले CSDS (सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसाइटीज) के को-ऑर्डिनेटर संजय कुमार ने अपने ट्वीट को डिलीट करते हुए माफी मांग ली है। CSDS के इस कदम के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) कांग्रेस पर हमलावर हो गई है और उस पर फर्जी बयान को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।
गलत डेटा पर मांगी माफी
संजय कुमार ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि महाराष्ट्र की कुछ विधानसभा सीटों, जैसे नासिक पश्चिम और हिंगना में मतदाताओं की संख्या में लोकसभा चुनाव 2024 के मुकाबले विधानसभा चुनाव के लिए भारी कमी आई है। इन आंकड़ों का इस्तेमाल कांग्रेस ने चुनाव आयोग और बीजेपी पर मिलीभगत कर वोट चोरी करने का आरोप लगाने के लिए किया था।
वोट चोरी जैसे आरोप संविधान का अपमान: EC ने कहा- न कोई पक्ष, न विपक्ष, हमारे लिए सब बराबर
हालांकि, संजय कुमार ने अब अपने ट्वीट को डिलीट करते हुए माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के आंकड़ों की तुलना करते समय उनकी डेटा टीम से गलती हो गई थी। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी भी तरह की गलत सूचना फैलाने का नहीं था।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
CSDS के ट्वीट डिलीट करते ही बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोल दिया। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि CSDS ने बिना सत्यापन के आंकड़े जारी कर कांग्रेस के ‘फर्जी नैरेटिव’ को हवा दी। उन्होंने कांग्रेस से इस पर माफी मांगने की भी मांग की।
कांग्रेस ने इस पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि उसने भले ही CSDS के आंकड़ों का इस्तेमाल किया, लेकिन अपने निष्कर्षों की पुष्टि उसने अलग से इकठ्ठे किए गए सबूतों के आधार पर भी की थी। यह विवाद अब महाराष्ट्र चुनाव को लेकर चल रहे ‘वोट चोरी’ के आरोपों को और गहरा कर रहा है।


