देश में 2027 में होने वाली 16वीं जनगणना ऑनलाइन होगी। जनगणना महापंजीयक कार्यालय के अनुसार, जातीय गिनती और जनगणना पहली बार डिजिटल प्लेटफार्म से होगी। इसके लिए विशेष वेब पोर्टल शुरू होगा। इस पर नागरिक खुद जानकारी भर सकते हैं।
नतीजे भी पहले की 15 जनगणनाओं से कम समय में मिल जाएंगे। 16वीं जनगणना के आंकड़े केवल 9 महीने में आने की उम्मीद है। इसमें जातीय गणना भी शामिल होगी। पहले नतीजे आने में 18 महीने लगते थे।
जनगणना महापंजीयक कार्यालय ने बताया, डिजिटल सेंसस से डेटा जुटाने और इसे सेंट्रल सर्वर तक सीधे भेजने में आसानी होगी। गिनती का काम मार्च 2027 तक पूरा होगा। अप्रैल से दिसंबर 2027 तक डेटा प्रोसेसिंग, पुष्टि और विश्लेषण होगा। उम्मीद है कि 9 महीने में यानी दिसंबर 2027 में नतीजे सार्वजनिक कर दिए जाएंगे।


