नई दिल्ली/मुंबई। उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) के खिलाफ 2,929 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने केस दर्ज किया है। जांच एजेंसी ने शनिवार (23 अगस्त) को मुंबई स्थित रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के दफ्तर और अनिल अंबानी के घर पर छापेमारी की।
लिपुलेख दर्रे से भारत-चीन व्यापार में शुरू होगा रुपए और युआन का लेन-देन
यह मामला स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) से जुड़े लोन धोखाधड़ी का है। इस संबंध में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में लिखित जवाब में बताया था कि एसबीआई ने सीबीआई में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही बैंक ने अनिल अंबानी के खिलाफ व्यक्तिगत दिवालिया कार्यवाही भी शुरू की है, जो फिलहाल मुंबई NCLT में लंबित है।
गौरतलब है कि इससे पहले 23 जुलाई को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप से जुड़े 35 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई यस बैंक से लिए गए 3000 करोड़ रुपए के लोन फ्रॉड से जुड़ी जांच के तहत की गई थी।


