कोरबा के मड़वारानी पहाड़ी पर दर्शन कर वापस लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप वाहन का ब्रेक फेल हो जाने से वह पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 9 लोग घायल हो गए, जिनमें एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार चांपा-जांजगीर जिले के सलखन गांव के 25 लोग पिकअप वाहन में सवार होकर कोरबा जिले की पहाड़ी पर स्थित मां मड़वा रानी के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग बकरा भात खाकर वापस अपने गांव लौट रहे थे।
कोरबा: पुरानी बस्ती से युवक का अपहरण, देर रात कार सवार बदमाश ले गए साथ, जांच शुरू
रास्ते में उतराई के दौरान अचानक पिकअप का ब्रेक फेल हो गया। चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में सवार कई श्रद्धालु उछलकर दूर जा गिरे। इस दुर्घटना में 9 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक सुखदास महंत और ईएमटी कृष्ण श्रीवास ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन में बिठाकर उरगा और चांपा के अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के अनुसार एक बच्चे की स्थिति चिंताजनक है और उसका इलाज जारी है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।


