सहरसा (बिहार): बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने चुनावी अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिहार के दानापुर और सहरसा में जनसभाओं को संबोधित किया।
सहरसा में आयोजित रैली में सीएम योगी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि “अब बिहार को कोई उस पुराने लालटेन युग में नहीं ले जाएगा।”उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 तक बिहार में जंगलराज का दौर था, जहां अपराधियों को संरक्षण मिलता था और आम जनता भय के साए में जीती थी।
योगी ने कहा, “नीतीश जी बिहार को लेकर आगे बढ़ चुके हैं। आज बिहार विकास के रास्ते पर है। राज्य में सड़कों, बिजली, शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। भाजपा और एनडीए की सरकार ने बिहार को भयमुक्त और विकासशील बनाया है।”
उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोला और कहा कि कांग्रेस के शासन में ‘विरासत का अपमान’ हुआ। योगी ने कहा कि अब जनता जागरूक है और वो बिहार को फिर से पिछड़ेपन की ओर नहीं जाने देगी।
सभा में हजारों की भीड़ उमड़ी और “जय श्रीराम” के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि सहरसा की यह सभा एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।


