किशनगंज। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने बुधवार को किशनगंज स्थित प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर बताया कि AIMIM राज्य की कुल 29 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। वहीं, ग्रैंड डेमोक्रेटिक अलायंस (GDA) गठबंधन कुल 59 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
हालांकि, उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के बाद पार्टी के अंदर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान के खिलाफ इलाके में प्रदर्शन किया गया है। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें AIMIM नेताओं पर उम्मीदवारों से टिकट देने के बदले पैसे लेने के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।
इस विवाद के बाद पार्टी में अंदरूनी मतभेद और बढ़ते दिख रहे हैं। हालांकि, अख्तरुल ईमान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उम्मीदवारों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया है और पार्टी जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।


