अयोध्या। दीपावली के अवसर पर रामनगरी अयोध्या में आयोजित भव्य दीपोत्सव इस बार भी सियासत के केंद्र में आ गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ सांसद अवधेश प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह से सरकारी खर्चे पर आयोजित किया जा रहा है, फिर भी विपक्ष के निर्वाचित प्रतिनिधियों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया।
Ayodhya Maha Aarti: धार्मिक एकता और आस्था का प्रतीक बनी अयोध्या, महाआरती से किया विश्व को मंत्रमुग्ध
अवधेश प्रसाद ने कहा, “दीपोत्सव जनता के टैक्स से हो रहा आयोजन है, यह किसी राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं। जब सरकार जनता के पैसों से आयोजन कर रही है, तो विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को इससे दूर रखना लोकतंत्र के खिलाफ है।”*
सपा सांसद ने आगे कहा कि भाजपा सरकार इस कार्यक्रम को धार्मिक आस्था के साथ जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दीपोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजनों को भी राजनीतिक मंच बना रही है।
वहीं, इस पूरे विवाद पर अभी तक भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इस आयोजन को “रामलला के गौरव और अयोध्या की पहचान” से जोड़कर देख रही है।
गौरतलब है कि इस बार दीपोत्सव में 25 लाख से अधिक दीपों** से सरयू तट जगमगाने वाला है, और कार्यक्रम को लेकर देशभर से श्रद्धालुओं का अयोध्या आगमन जारी है। सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और प्रशासन ने पूरे शहर को रोशनी और फूलों से सजाया है।


