कोरबा : जिले की एसईसीएल कुसमुंडा खदान में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बीते 24 घंटे के भीतर खदान क्षेत्र में दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार कुसमुंडा स्थित नीलकंठ कंपनी में कार्यरत एक भारी भरकम डंपर अचानक अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरा, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। घायल डंपर चालक की पहचान भीम पटेल, निवासी सोनपुरी के रूप में हुई है। हादसे के बाद तत्काल घायल चालक को खदान क्षेत्र से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और चालक की स्थिति की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब महज 24 घंटे पहले ही इसी कुसमुंडा खदान क्षेत्र में नीलकंठ कंपनी का एक अन्य डंपर स्लाइड होकर नीचे गिर गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने खदान की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
KORBA : सीएसईबी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चारपारा कोहड़िया में दबिश देकर चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार
कर्मचारियों का आरोप है कि खदान में सेफ्टी के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जिससे मजदूरों और चालकों की जान जोखिम में बनी रहती है। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं लगातार हो रही दुर्घटनाओं के चलते खदान कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। कर्मचारियों ने खदान प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।


