रामबन। अमरनाथ यात्रा पर जा रहे तीर्थयात्रियों के काफिले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में चंदरकोट लंगर के पास चार बसें आपस में टकरा गईं। हादसे में करीब 36 यात्री घायल हो गए हैं।
एमपी में 27% ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, मुख्य सचिव से मांगा एफिडेविट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक बस का ब्रेक फेल हो गया। ड्राइवर ने जैसे ही नियंत्रण खोया, काफिले में शामिल तीन और बसें उससे टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों में सवार यात्री बुरी तरह झटकों से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रामबन में भर्ती कराया गया। कई श्रद्धालुओं की हालत सामान्य बताई जा रही है।
हादसे के बाद यात्रियों को सुरक्षित निकालकर दूसरी गाड़ियों से पहलगाम के लिए रवाना किया गया। हादसे के बावजूद यात्रा जारी है।
भारी बारिश में भी जारी यात्रा
इधर, खराब मौसम के बावजूद अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। शनिवार को 6,900 से ज्यादा तीर्थयात्रियों का नया जत्था भगवती नगर बेस कैंप से रवाना हुआ। इसमें 5,196 पुरुष, 1,427 महिलाएं, 24 बच्चे, 331 साधु-साध्वी और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई को हुई थी। यात्रा शुरू होने के दूसरे दिन तक 26,000 से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन कर चुके थे। यह संख्या अब बढ़कर 30 हजार तक पहुंच चुकी है।


