कोरबा शहर के बीच पवन टॉकीज रेलवे फाटक के पास बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने लगभग 25 फीट ऊंचे ओवरब्रिज से नीचे रेलवे ट्रैक पर छलांग लगा दी। इस हादसे में युवक बुरी तरह घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
कोरबा में हाथियों का आतंक: 12 हाथियों ने सरईपाली और सेंद्रीपाली गांवों की फसल तबाह की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार की दोपहर को पवन टॉकीज रेलवे फाटक पर मालगाड़ी के आने से ठीक पहले, एक व्यक्ति ओवरब्रिज के ऊपर चढ़ गया। कुछ ही पल बाद, उसने नीचे रेलवे ट्रैक की ओर छलांग लगा दी। आवाज सुनकर फाटक पर मौजूद लोग और आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही 112 और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
काफी मशक्कत के बाद घायल युवक की पहचान सुजीत बक्शी के रूप में की गई। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है, जो मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं। कोतवाली थाना प्रभारी एमबी पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह आत्मघाती कदम किस परिस्थिति में और क्यों उठाया गया, यह जांच का विषय है। फिलहाल, घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक के ऊपर से बिजली के तार भी गुजरे हुए हैं। यदि युवक इन तारों की चपेट में आ जाता, तो उसकी स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। गनीमत रही कि वह सीधे ट्रैक पर गिरा।