रायगढ़ – छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक महिला से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने कलेक्ट्रेट सारंगढ़ में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी का झांसा दिया। पीड़िता से कुल 3.38 लाख रुपये ठगे गए। यह मामला कोतरा सड़क थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने शनिवार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि भतीजी के माध्यम से बैकुंठपुर निवासी हरीश मिश्रा से उसकी जान पहचान हुई थी।
हाई कोर्ट में 8 अप्रैल से नया रोस्टर लागू, चीफ जस्टिस की डीबी तय करेगी इन मामलों की सुनवाई
हरीश ने उसे सारंगढ़ कलेक्ट्रेट में कंप्यूटर ऑपरेटर की संविदा नियुक्ति का लालच दिया। उसने नौकरी के बदले पैसों की मांग की थी। पीड़िता ने नौ फरवरी से 22 मार्च तक तीन लाख आठ हजार 500 रुपये फोन पे से भेजे। इसके बाद 23 मार्च को 30 हजार रुपये और भेजे गए। कुल 3.38 लाख रुपये देने के बावजूद उसकी नियुक्ति नहीं हुई। हरीश मिश्रा टालमटोल करता रहा।
20 मार्च को पीड़िता को उसकी भतीजी के माध्यम से एक नियुक्ति पत्र मिला। यह पत्र कॉल मी सर्विस नामक संस्था से आया था। हरीश मिश्रा ने पीड़िता को रायगढ़ कलेक्ट्रेट में मिलने बुलाया। जब पीड़िता वहां पहुंची और हरीश से संपर्क किया, तो उसका मोबाइल नंबर बंद मिला। बाद में पता चला कि दिया गया नियुक्ति पत्र फर्जी था। फर्जीवाड़े का पता चलने पर पीड़िता ने कोतरा सड़क थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हरीश मिश्रा के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।


