कोरबा में दादर खुर्द मार्ग स्थित एक सूने मकान में शुक्रवार देर रात चोरी की वारदात सामने आई। चोरों ने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। जानकारी के अनुसार मकान एसईसीएल कर्मी नवनीत नाथ का है, जबकि उसमें एसबीआई बैंक में चीफ मैनेजर पद पर पदस्थ राजू मोदी अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं।
बीजापुर में ‘पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान सफल: 30 नक्सली लौटे समाज की मुख्यधारा में
राजू मोदी ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह परिवार सहित रायपुर जमीन की रजिस्ट्री कराने गए थे। रात करीब एक बजे लौटने पर घर के बाहर ताला लगा मिला। ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। बैडरूम में खिड़की की रॉड टूटी हुई मिली, जिससे चोरी की आशंका हुई। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई।
सूचना पर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पीड़ित के अनुसार चोर नगदी 20 हजार रुपये, लैपटॉप और अन्य महंगे सामान छोड़ गए, लेकिन करीब पांच लाख रुपये के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में चार सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठियां और टॉप्स शामिल हैं। मौके पर डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने आसपास पूछताछ शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।


