रायपुर : राजधानी रायपुर के लालपुर इलाके में नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। प्रशासनिक अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शासकीय भूमि पर बने व्यावसायिक परिसर को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई।
नगर निगम का बुलडोजर एक्शन: 10 से ज्यादा दुकानें ढहाए गए, 70 से अधिक कमरे तोड़े
जांच में सामने आया कि सरकारी जमीन पर करीब 9 से 10 निजी दुकानों के साथ एक बहुमंजिला इमारत खड़ी कर दी गई थी, जिसमें पीजी का संचालन भी हो रहा था। शिकायतों के बाद मामले की पड़ताल की गई और निर्माण को अवैध पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए। निर्धारित समय सीमा के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके चलते बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे परिसर को खाली कराया गया। दुकानदारों और पीजी में रहने वाले लोगों को पहले ही स्थान खाली करने के निर्देश दिए गए थे। किसी भी संभावित विरोध से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और निगम के उड़नदस्ता दल के साथ सभी जोन की टीमें मौके पर मौजूद रहीं।
नाबालिगों पर पुलिस की कार्रवाई: 40 लड़के बाइक चलाते पकड़े गए, परिजनों को बुलाकर काटा चालान
मामले में नायब तहसीलदार ज्योति सिंह ने बताया कि यह लंबित प्रकरण था और करीब 10 से अधिक दुकानों तथा लगभग 71 कमरों का निर्माण शासकीय भूमि पर किया गया था। सभी अवैध हिस्सों को हटाने की प्रक्रिया जारी है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा मिलेगा, वहां इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। स्थानीय स्तर पर इस कदम को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।


