कोरबा : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोरबा जिला पुलिस ने “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत ‘मैत्री’ व्हाट्सएप हेल्पलाइन की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य पीड़िताओं को बिना थाना या चौकी पहुंचे त्वरित और गोपनीय सहायता उपलब्ध कराना है। वर्तमान समय में उत्पीड़न, छेड़छाड़ या धमकी जैसी घटनाओं में कई बार पीड़िताएं लोक-लज्जा या संकोच के कारण शिकायत दर्ज कराने से हिचकती हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ने की आशंका रहती है। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस ने 9479282100 मोबाइल नंबर पर ‘मैत्री’ व्हाट्सएप हेल्पलाइन प्रारंभ की है।
होली पर यात्रियों को बड़ी राहत: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे चलाएगा 70 स्पेशल ट्रेनें
इस हेल्पलाइन के माध्यम से कोई भी महिला या बालिका उत्पीड़न, छेड़छाड़, धमकी अथवा किसी भी प्रकार की प्रताड़ना संबंधी शिकायत सीधे दर्ज करा सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर तथा उसकी पहचान से जुड़ी सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।
होली से पहले किसानों को तोहफा, 28 फरवरी को खातों में आएगी आदान सहायता राशि
जिला पुलिस ने शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर इस हेल्पलाइन नंबर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित विभागों से सहयोग का अनुरोध किया है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाएं और बालिकाएं इस सुविधा का लाभ उठा सकें। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस हेल्पलाइन की जानकारी अधिकाधिक साझा करें और किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना देने में संकोच न करें।


