बिलासपुर : त्योहारी सीजन और गर्मी की छुट्टियों से पहले टिकटों की कालाबाजारी पर शिकंजा कसते हुए आरपीएफ क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के रेलवे क्षेत्र और हाईकोर्ट रेसिडेंशियल कॉम्प्लेक्स, बोदरी स्थित PRS केंद्रों पर छापा मारकर दो टिकट दलालों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से 1.64 लाख रुपये के 47 काउंटर टिकट जब्त किए गए। सूचना मिली थी कि पीआरएस काउंटरों से टिकट बनवाकर कुछ लोग बाहर भेज रहे हैं। इस पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स की क्राइम इंटेलिजेंस टीम ने दोनों जगह अचानक दबिश दी। हाईकोर्ट रेसिडेंशियल कॉम्प्लेक्स के पीआरएस से जांजगीर-चांपा जिले के अमलीपाली निवासी रामचरण मन्नेवार को पकड़ा गया।
कोरबा में बुलडोजर एक्शन: 90 एकड़ सरकारी जमीन से 135 कब्जाधारियों को हटाया
वहीं रेलवे क्षेत्र के पीआरएस से वायरलेस कॉलोनी निवासी शुभम रजक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी बिलासपुर में काउंटर से टिकट बनवाकर उन्हें भदोही (प्रयागराज) के एक व्यक्ति रविंदर कुमार को भेजते थे। टिकट बस या ट्रेन से पहुंचाए जाते थे। आरोपियों ने यह भी कबूला कि वे प्रति यात्री 200 से 300 रुपये तक अतिरिक्त कमीशन लेते थे। त्योहार और छुट्टियों के समय दलाल ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं, जिससे जरूरतमंद यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता।
छत्तीसगढ़: युवक ने की आत्महत्या की कोशिश, खुद को आग लगाई लेकिन पुलिस ने बचाई जान
इसे रोकने के लिए आरपीएफ ने आरक्षण केंद्रों पर औचक जांच तेज कर दी है। मुखबिर तंत्र भी सक्रिय किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब भदोही के कथित संपर्क और अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।


