जांजगीर-चांपा : सक्ती जिले में नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीन युक्त ऑनरेक्स कफ सिरप के इंटर-स्टेट तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान 94 शीशी नशीली सिरप, एक कार और एक बाइक जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोडीन युक्त कफ सिरप की मैन्युफैक्चरिंग हिमाचल प्रदेश की फार्मास्यूटिकल फैक्ट्रियों में वैध मेडिकल उपयोग के नाम पर की जा रही थी। इसके बाद सिरप को ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ लाकर नशे के लिए खपाया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, सोमवार को पुलिस को मुखबिर से गिरोह की सूचना मिली। इसके बाद एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
अंबिकापुर–बनारस बस हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस पेड़ से टकराई, 1 की मौत, 15 घायल
मुखबिर से सूचना मिली कि घरघोड़ा निवासी ध्वजा राम कुर्रे और कृष्ण कुमार डडसेना कार से सिरप लेकर आ रहे हैं, जबकि अड़भार निवासी सिकंदर गबेल (28) और कृष्ण कुमार जांगड़े बाइक से खेप रिसीव करने जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने खरसिया-अड़भार रोड पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका। तलाशी के दौरान 94 नग ऑनरेक्स कफ सिरप (कुल 9 लीटर 400 मिली) बरामद की गई। पुलिस ने कार क्रमांक CG 13 BF 3626 और बाइक को जब्त कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


