वॉशिंगटन। रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कड़ा रुख दिखाया है। ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर 50 दिनों के भीतर युद्ध खत्म करने का कोई समझौता नहीं होता है, तो अमेरिका रूस पर भारी-भरकम टैरिफ लगाने के लिए तैयार है।
गलवान के बाद पहली बार चीन दौरे पर पहुंचे विदेश मंत्री जयशंकर, वांग यी से बातचीत में दिया कड़ा संदेश
ट्रंप ने सोमवार को दिए एक बयान में कहा, “अगर 50 दिन में युद्ध खत्म नहीं हुआ, तो हम बहुत कड़े टैरिफ लगाएंगे। मैं व्यापार का इस्तेमाल कई चीजों के लिए करता हूं, लेकिन युद्धों को रोकने के लिए यह सबसे असरदार तरीका है।” हालांकि ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये टैरिफ किस तरह लागू किए जाएंगे।
गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 से युद्ध जारी है। अब तक दोनों तरफ से लगातार मिसाइल हमले और लाखों लोगों के विस्थापन की खबरें आती रही हैं। ट्रंप पहले भी इस युद्ध को रोकने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।
ट्रंप के इस ‘टैरिफ बम’ ऐलान के बाद माना जा रहा है कि रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की अमेरिकी रणनीति एक नई ऊंचाई पर पहुंच सकती है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह टाइमलाइन आखिरी चेतावनी है और अगर रूस अपनी कार्रवाई नहीं रोकता, तो उसे अमेरिका के सख्त फैसलों के लिए तैयार रहना चाहिए।
ट्रंप की इस धमकी के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मच गई है। रूस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन कूटनीतिक हलकों में इसे गंभीर आर्थिक दबाव बनाने की नई अमेरिकी कोशिश माना जा रहा है।


