कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दीवार पर लिखे सुसाइड नोट, आत्महत्या से पूर्व भेजे गए वीडियो और परिजनों के कथनों के आधार पर पुलिस ने मृतका की बहू और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला दिनांक 27.08.2026 का है, जब लक्ष्मी बाई मानिकपुरी ने अपने घर के पंखे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना पर थाना कोतवाली कोरबा में मर्ग क्रमांक 66/2026 कायम कर जांच शुरू की गई। मर्ग जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर दीवार पर सुसाइड नोट लिखा हुआ मिला। इस सुसाइड नोट में मृतका ने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों द्वारा परेशान किए जाने के कारण आत्महत्या करने का उल्लेख किया था। जांच में पुष्टि हुई कि वह लेख मृतका ने ही लिखा था।
रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए प्राचार्य और लिपिक, ACB ने की कार्रवाई
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मृतका ने आत्महत्या से पूर्व अपनी बहनों को एक वीडियो बनाकर भेजा था। पुलिस ने उक्त वीडियो को जब्त कर पंचनामा तैयार किया। साथ ही मृतका की बहनों, परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के कथन दर्ज किए गए। कथनों से पता चला कि मृतका के पति की पूर्व में मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद मृतका ने दूसरी शादी की थी और वह अपने वर्तमान पति और उसके पूर्व के बच्चों के साथ रह रही थी। पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। परिजनों ने बताया कि मृतका की बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोग अक्सर घर आकर मृतका को घर से बाहर निकालने के लिए दबाव बनाते थे, जिससे मृतका काफी परेशान रहती थी।
मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए रिश्वत लेते डॉक्टर कैमरे में कैद, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
परिजनों ने यह भी बताया कि मृतका पूर्व में भी प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी और जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी। मर्ग जांच में मिले सुसाइड नोट, वीडियो और बयानों के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 724/2026 धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्णिमा महंत पति संजय दास उम्र 24 वर्ष निवासी लक्ष्मण तालाब, सुमेरन बाई पति मिलनदास महंत उम्र 45 वर्ष निवासी सोहागपुर थाना उरगा, और मिलन दास पिता सोनदास उम्र 55 वर्ष निवासी सोहागपुर को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।


