कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक रेल हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। डंपर फाटक मानिकपुर के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय करीब 65 से 70 वर्षीय बुजुर्ग यात्री ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री ट्रेन वहां से गुजरी और वे उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनका शरीर कई हिस्सों में बिखर गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
कोरबा जेल में खास इंतजाम, बंदी भाइयों को राखी बांध सकेंगी बहनें; मिठाई ले जाने पर सख्ती
सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस के साथ रेलवे आरपीएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव के हिस्सों को एकत्र कर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग ने कपड़े और माला पहन रखी थी तथा उनके हाथ में घड़ी भी थी। इन्हीं पहचान चिह्नों के आधार पर पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। सोशल मीडिया पर मृतक के हुलिये की जानकारी साझा करने के साथ ही आसपास की बस्तियों में मुनादी भी कराई जा रही है।
रेलवे ट्रैक पर टहलता नजर आया तेंदुआ, सुरंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डंपर फाटक के आसपास पहले भी रेल हादसे हो चुके हैं। लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए अंडरब्रिज या अन्य इंतजाम किए जाने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके परिवार का कोई बुजुर्ग लापता है, तो मानिकपुर चौकी या रेलवे पुलिस से संपर्क कर पहचान में सहयोग करें।


