बिलासपुर : सिरगिटटी थाना पुलिस ने दुकान में चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने रात के समय दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी नकदी और राशन सामग्री चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मशरूका बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे झमाझम बारिश के आसार, फिर मानसून की रफ्तार पड़ेगी धीमी
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 22 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। 24 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि दुकान के शटर पर ताला नहीं लगा था। अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले में रखे रुपये और राशन सामग्री गायब मिली। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 3500 रुपये बताई गई।
प्रार्थी की शिकायत पर सिरगिटटी पुलिस ने 26 अगस्त को अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। संदेहियों से बारीकी से पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान भवानी नगर, शिव मंदिर के पास निवासी राहुल महतो पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी ने दुकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
प्रमोशन पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, पुलिसकर्मी के हक में सुनाया अहम आदेश
आरोपी राहुल महतो पिता दिनेश महतो, उम्र 26 वर्ष, निवासी भवानी नगर, शिव मंदिर के पास, सिरगिटटी, जिला बिलासपुर के कब्जे से चोरी की मशरूका बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया।
सिरगिटटी पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मामले का जल्द खुलासा हो गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


