कोरबा : कोरबा और बिलासपुर में चलती बसों में यात्रियों से सोने की चेन झपटने के आरोप में कोरबा पुलिस ने 9 लोगो को गिरफ्तार किया है। इनमें 7 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल बताये जा रहे हैं। पुलिस ने उनसे 8 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार बांकीमोंगरा के एक दंपत्ति काम के सिलसिले में बिलासपुर गए थे। लौटते समय दोनों नेहरू चौक बिलासपुर से बस में सवार हुए।
नशे में गले में जहरीला सांप डालकर घूमता रहा युवक, कई बार डसे जाने के बाद पहुंचा अस्पताल
बस में भीड़ ज्यादा होने के कारण उन्हें सीट नहीं मिली और दोनों खड़े होकर सफर कर रहे थे। तब महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में चढ़ीं। शनिचरी चौक रतनपुर के पास इन महिलाओं ने दंपत्ति महिला से जानबूझकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और उनके गले से सोने की चेन निकाल ली। इसके बाद सभी महिलाएं बस से उतर गईं। रतनपुर पहुंचने पर जब बस खाली हुई तो महिला ने देखा कि उनके गले से सोने की चेन गायब है। उन्होंने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के सीसीटीवी फुटेज देखे। फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान ग्राम कोनकोना और ठिहईभाठा, थाना बांगो क्षेत्र की रहने वाली के रूप में हुई।
इसके बाद कोरबा पुलिस की मदद से पुलिस टीम ने कोनकोना में दबिश देकर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने बस में धक्का-मुक्की कर चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, चोरी की चेन गिरोह की एक अन्य महिला निवासी रामनगर, थाना कुसमी को 20 हजार रुपए में बेची गई थी। इसमें से 12 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं और बाकी 8 हजार रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। फरार महिला निवासी रामनगर की तलाश जारी है।कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद आरोपियों को पकड़ा गया और उन्हें रतनपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।


